वस्त्र निर्माण हेतु ड्राफ्टिंग की आवश्यकता एवं प्रक्रिया विषय पर प्रयोगात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

admin  10 hours, 58 minutes ago Top Stories

PANIPAT AAJKAL : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष  डॉ. सीमा के मार्गदर्शन में दो दिवसीय प्रयोगात्मक कार्यशाला (प्रयोगशाला) का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय प्रयोगशाला का मुख्य विषय वस्त्र निर्माण हेतु ड्राफ्टिंग की आवश्यकता एवं प्रक्रिया रहा। डॉ. राहुल सिंह नीलम यूनिवर्सिटी कैथल से कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक रहे |
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा द्वारा किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयोगात्मक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के प्रसारित युग में कौशल आधारित शिक्षा का विशेष महत्व है। केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक दक्षता और तकनीकी समझ भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और रचनात्मकता को अपनाने की प्रेरणा दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की कार्यशालाएं उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगी।
गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष  डॉ. सीमा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि किसी भी वस्त्र को तैयार करने से पूर्व उसकी ड्राफ्टिंग तैयार करना अत्यंत आवश्यक होता है। सही माप, सटीक कटिंग तथा उचित प्रारूप के बिना परिधान को पूर्ण रूप नहीं दिया जा सकता। उन्होंने विस्तार से समझाया कि ड्राफ्टिंग वस्त्र निर्माण की मूल आधारशिला है, जिसके माध्यम से डिजाइन को सटीक आकार दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार का व्यवहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य में स्वरोजगार एवं वस्त्र उद्योग से जुड़ने के लिए सक्षम बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा ड्राफ्टिंग की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह को देखते हुए प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा ने उनकी सराहना की तथा गृह विज्ञान विभाग के प्राध्यापकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के प्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. किरण मदान, डॉ. सुनीता ढांडा, डॉ. नीलम, डॉ. निधि,   सहायक प्राध्यापिका अंशिका सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल-विकास एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।

img
img